CG VISION 24
बिलासपुर।
भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के बिलासपुर मुख्यालय में द्वितीय ‘एसईसीएल विश्वकर्मा अवार्ड्स’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खदानों और परिचालन गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 75 नियमित एवं संविदा कर्मियों को सम्मानित किया गया। वहीं, स्वच्छता अभियान के तहत कार्यस्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों का भी सम्मान किया गया।
समारोह में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) के अतिरिक्त प्रभार में नृपेंद्र नाथ सहित संचालन समिति के सदस्य, श्रमसंघ प्रतिनिधि, विभिन्न एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
75 श्रमवीरों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में खदानों में ऑपरेशन, मेंटेनेंस, सुपरवाइजरी और अन्य तकनीकी कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 कर्मचारियों को सम्मान प्रदान किया गया। इनमें नियमित और संविदा कर्मी शामिल रहे। एसईसीएल विश्वकर्मा अवार्ड्स का यह दूसरा संस्करण है। इसके माध्यम से कंपनी अपने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों के परिश्रम, कार्यकुशलता और समर्पण को सम्मान दे रही है।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्म के प्रतीक हैं। खनन उद्योग में कार्यरत श्रमवीर अपने कौशल और परिश्रम से देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर श्रमिकों का सम्मान उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री का संदेश पढ़ा गया
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी की ओर से कोयला श्रमिकों के लिए भेजे गए संदेश का भी पाठ किया गया। संदेश में देश की ऊर्जा सुरक्षा और विकास में कोयला श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके परिश्रम, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
स्वच्छता कर्मियों को भी मिला सम्मान
स्वच्छता ही सेवा अभियान और स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत एसईसीएल में स्वच्छता एवं कार्यस्थलों को सुव्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यस्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने तथा स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
एसईसीएल मुख्यालय और विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत स्वच्छता, लंबित मामलों के निपटारे, स्थान के बेहतर उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन और ई-वेस्ट के प्रभावी प्रबंधन सहित कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
समारोह के माध्यम से श्रमिकों के योगदान को सम्मान देने के साथ कौशल विकास, स्वच्छता और देश की ऊर्जा सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
CG VISION 24👈
रिपोर्ट :- प्रांजल सिंह


Post a Comment