तिफरा ओवरब्रिज बना मौत का पुल: तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा

बिलासपुर (CGVISION24)

बिलासपुर। शहर में तेज रफ्तार का एक और खौफनाक चेहरा सामने आया है। सोमवार को तिफरा ओवरब्रिज पर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया, जबकि दूसरा युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो युवक ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर उछलकर गिर पड़े। हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक छोटा हाथी वाहन से जा टकराई।

इस भयावह दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर फरार वाहन की पहचान करने में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि सड़क पर कुछ सेकंड की लापरवाही किसी की पूरी जिंदगी छीन सकती है। तिफरा ओवरब्रिज पर हुई यह दुर्घटना तेज रफ्तार के खिलाफ एक दर्दनाक चेतावनी बनकर सामने आई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post