बिलासपुर (CGVISION24)
बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 52 लिंगियाडीह में गरीब एवं श्रमिक परिवारों की बस्तियों को बचाने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन 212वें दिन भी जारी रहा। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उनकी वर्षों पुरानी बस्ती को हटाकर व्यावसायिक परियोजनाएं विकसित करने की तैयारी की जा रही है, जिसके विरोध में स्थानीय लोग लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
आंदोलन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल होकर अपने आवास और आजीविका की सुरक्षा की मांग उठा रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर गरीब परिवारों को बेघर करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
वार्ड क्रमांक 52 के पार्षद दिलीप पाटिल ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की मांगों को लेकर कई बार नगर निगम प्रशासन और शासन को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने बस्तीवासियों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन से शीघ्र समाधान निकालने की मांग की।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बार-बार आवेदन और मांग उठाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक बस्तीवासियों के अधिकारों और पुनर्वास को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Post a Comment