शादी में सनकी का खौफनाक हमला,दांतों से नोच लिया कान


बिलासपुर (CGVISION24)

बिलासपुर के मल्हार चौकी क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर इतना खौफनाक हमला किया गया कि उसका कान दांत से काटकर अलग कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार धनगवां निवासी मनिकेश पाटले (26 वर्ष) 20 जून को भारत पाटले के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान किसान परसदा निवासी मोहित कुर्रे (43 वर्ष) भी वहां मौजूद था। आरोप है कि मोहित ने मनिकेश से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब मनिकेश ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी भड़क गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मनिकेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने हैवानियत की हद पार करते हुए युवक के कान को दांत से काटकर अलग कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी समारोह में मौजूद लोग दहशत में आ गए।

घटना के बाद घायल मनिकेश ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। अगले दिन वह चौकी मल्हार पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है और लोग इस तरह की हिंसक वारदात पर हैरानी जता रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post