बिलासपुर (CGVISION24)
तहफ़्फ़ुज़-ए-नामूस-ए-रिसालत एक्शन ट्रस्ट (TNRAT) की बिलासपुर में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों में मंत्रोच्चार एवं अन्य धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हालिया निर्देशों पर चर्चा की गई। बैठक में विषय के संवैधानिक, कानूनी और सामाजिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संगठन के लीगल एडवायज़र सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. आमिर रज़वी, जिला अध्यक्ष शफीक अहमद, जिला संगठन मंत्री इमरान अली और जिला मीडिया प्रभारी शेख सरफराज अहमद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान मामले से जुड़े विभिन्न कानूनी विकल्पों और संभावित जनहित याचिका (PIL) पर चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने शासकीय विद्यालयों में लागू किए जा रहे निर्देशों के संबंध में अपनी राय रखी। संगठन की ओर से कहा गया कि शिक्षा से जुड़े निर्णय संविधान में निहित प्रावधानों और सभी विद्यार्थियों के अधिकारों को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए।
संगठन के अनुसार, मामले का कानूनी अध्ययन किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध संवैधानिक एवं कानूनी विकल्पों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी धर्म या धार्मिक परंपरा का विरोध करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों और समान अवसरों से जुड़े मुद्दों को उठाना है।
बैठक के अंत में संगठन ने कहा कि इस विषय पर आगे की रणनीति कानूनी परामर्श और परिस्थितियों के अनुसार तय की जाएगी।


Post a Comment