महोत्सव के नाम पर सियासत, बेलतरा की मूलभूत समस्याएं जस की तस: अंकित गौरहा !!

CG VISION 24


बिलासपुर/बेलतरा

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाली के बाद अब नगपुरा मेला महोत्सव का नाम बदलकर ‘बेलतरा महोत्सव’ किए जाने को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने नाम परिवर्तन और महोत्सव के लिए की गई सरकारी घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को आयोजन से ज्यादा अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान की जरूरत है।


अंकित गौरहा ने कहा कि नगपुरा मेला महोत्सव क्षेत्र की पुरानी और महत्वपूर्ण परंपरा रही है। लंबे समय से आयोजित हो रहे इस मेले का नाम बदलकर बेलतरा महोत्सव किया गया है और आयोजन की अवधि भी पहले की तुलना में कम कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि नाम परिवर्तन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों की ओर से पहले भी आपत्ति जताई गई थी।

गौरहा ने मुख्यमंत्री द्वारा बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को महोत्सव आयोजित करने में इतनी रुचि है तो और राशि की घोषणा कर हर महीने एक महोत्सव कराया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि महोत्सव और घोषणाओं के बीच क्षेत्र की सड़क, बिजली, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं।

कांग्रेस नेता ने अशोक नगर-बिरकोना मार्ग, राजकिशोर नगर चौक से छठ घाट मार्ग और सेंदरी-मोपका बायपास की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि इन सड़कों की समस्या से लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जनता की प्राथमिकता बेहतर सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं हैं।


गौरहा ने कहा कि जनता को महोत्सव से आपत्ति नहीं है, बल्कि आपत्ति पारंपरिक आयोजन की पहचान और नाम बदलने को लेकर है। उन्होंने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि प्राथमिकता महोत्सव होना चाहिए या जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान?



CG VISION 24👈

रिपोर्ट :- प्रांजल सिंह


Post a Comment

Previous Post Next Post