आर.एन. पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सीमा पर तैनात जवानों के लिए बनाए रक्षा सूत्र !!

CG VISION 24



बिलासपुर।
रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर आर.एन. पब्लिक स्कूल में देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं ने अपने हाथों से सुंदर राखियां यानी रक्षा सूत्र तैयार किए। इन रक्षा सूत्रों को भारतीय सेना के जवानों तक डाक के माध्यम से भेजा गया।
कार्यक्रम में बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि जिस तरह भाई अपनी बहनों की रक्षा करते हैं, उसी तरह देश के सैनिक भी दिन-रात सीमाओं पर डटे रहकर देशवासियों की सुरक्षा करते हैं। सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाते हैं, जिसके कारण देशवासी सुरक्षित माहौल में त्योहार मना पाते हैं।

शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में बच्चों ने रक्षा सूत्र तैयार करने के साथ ही जवानों के लिए शुभकामना और धन्यवाद संदेश भी लिखे। बच्चों ने अपने संदेशों के जरिए सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।


स्कूल संचालक अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ भारतीय त्योहारों के सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना विकसित करने की दिशा में यह बच्चों का एक छोटा लेकिन भावपूर्ण प्रयास है।

स्कूल प्राचार्य एच.पी. साहू और उपप्राचार्य श्रीमती प्रिया बिस्वास ने भी विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका श्रद्धा श्रीवास, रोशनी साहू, सपना सोनी, प्रियंका गुप्ता, आकांक्षा रजक और ईशिता दत्ता सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।


आर.एन. पब्लिक स्कूल की ओर से तैयार किए गए सभी रक्षा सूत्र डाकघर के माध्यम से सेना के विभिन्न मुख्यालयों और अग्रिम चौकियों के लिए रवाना किए गए।



CG VISION 24👈

रिपोर्ट :- प्रांजल सिंह


Post a Comment

Previous Post Next Post