CG VISION 24
बिलासपुर
आर. एन. पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से ‘ग्रीन डे: हरियाली उत्सव’ का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर पूरी तरह हरियाली के रंग में रंगा नजर आया। नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के छात्र-छात्राएं हरे रंग की पोशाक में विद्यालय पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संचालक अखिलेश यादव द्वारा पौधरोपण कर की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के औषधीय और छायादार पौधे लगाए। पौधरोपण के माध्यम से बच्चों को पेड़ों के महत्व और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दिया पर्यावरण संदेश
ग्रीन डे के अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण जागरूकता पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’ और ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ जैसे नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छोटे बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
आयोजन के दौरान जूनियर और सीनियर विंग के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग और ‘वेस्ट से बेस्ट’ (कबाड़ से जुगाड़) जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामग्री का रचनात्मक उपयोग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हरित शपथ लेकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने हरित शपथ ली। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने, पेड़-पौधों की रक्षा करने, पानी बचाने और प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग को कम करने का संकल्प लिया।
विद्यालय के संचालक अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने से भविष्य में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की देखभाल करने और अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
संचालक :- अखिलेश यादव
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य एच. पी. साहू, उप प्राचार्य प्रिया बिस्वास, शिक्षिका श्रद्धा श्रीवास, रोशनी साहू, सपना सोनी, प्रियंका गुप्ता, आकांक्षा रजक एवं ईशिता दत्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली जिम्मेदारी है।
CG VISION 24👈
रिपोर्ट :- प्रांजल सिंह


Post a Comment