CG VISION 24
रायगढ़/लैलूंगा।
रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र से प्रेम संबंध से जुड़े एक विवाद में दबाव बनाने और पैसों के लेन-देन के आरोप सामने आए हैं। एक महिला ने पत्रकार रवि गुप्ता और उनके सहयोगी पत्रकार प्रतीक सिंगर पर मामले में हस्तक्षेप करने और आर्थिक लेन-देन से जुड़े आरोप लगाए हैं। महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
महिला फूलमती के अनुसार, उसका एक युवक के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान उन्हें एक संतान हुई, जिसकी घरघोड़ा स्वास्थ्य केंद्र में मृत्यु हो गई। महिला का कहना है कि उसने इस घटनाक्रम की जानकारी रवि गुप्ता को देते हुए मदद मांगी थी।
महिला के आरोप के मुताबिक, इसके बाद रवि गुप्ता अपने सहयोगी प्रतीक सिंगर के साथ लैलूंगा थाना क्षेत्र पहुंचे। महिला का दावा है कि वहां उसके प्रेमी के खिलाफ गंभीर कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फूलमती का कहना है कि उसने आगे की जिंदगी के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। उसके अनुसार, शुरुआत में 11 लाख रुपये की मांग रखे जाने की बात सामने आई, जिसके बाद कथित तौर पर 5 लाख रुपये पर सहमति बनी।
महिला के मुताबिक, इसके बाद लैलूंगा के बाजार क्षेत्र के पास एक वकील के माध्यम से नोटरी कराई गई। महिला का दावा है कि संबंधित दस्तावेजों पर रवि गुप्ता के हस्ताक्षर थे और इस दौरान कुछ ग्रामीण भी मौजूद थे। इसके बाद घरघोड़ा चौक के पास कथित तौर पर पैसों के लेन-देन की बात सामने आई।
महिला का आरोप है कि 5 लाख रुपये में से रवि गुप्ता द्वारा 2 लाख रुपये ले जाए गए। बाद में डेढ़ लाख रुपये वापस किए जाने का भी उसने दावा किया है। इस पूरे घटनाक्रम में महिला के चाचा के गवाह होने की बात भी कही गई है।
मामले को लेकर महिला ने बाद में बिलासपुर और रायपुर की कुछ महिला पत्रकारों से संपर्क कर मदद मांगी। बताया जा रहा है कि महिला पत्रकारों की ओर से मामले की शिकायत रायगढ़ पुलिस अधीक्षक और घरघोड़ा थाना प्रभारी तक पहुंचाई गई है।
महिला पत्रकारों के खिलाफ कथित प्रसारण का भी आरोप !!
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले में उसकी मदद करने वाली महिला पत्रकारों के खिलाफ सोशल मीडिया और कुछ टीवी चैनलों पर कथित रूप से भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। महिला ने इस संबंध में भी निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
दस्तावेज और लेन-देन की जांच जरूरी !
मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के स्तर पर कथित नोटरी दस्तावेज, पैसों के लेन-देन, संबंधित व्यक्तियों के बयान, कॉल रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच महत्वपूर्ण होगी।
इस समाचार में उल्लेखित आरोप संबंधित महिला के बयानों पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। संबंधित पत्रकारों एवं अन्य आरोपित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी निष्पक्ष रूप से समाचार में शामिल किया जाएगा।
CG VISION 24👈
रिपोर्ट :- प्रांजल सिंह




Post a Comment