CG VISION 24
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
भारतीय टीम में चयन के बाद उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहवर्धन किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
मधु सिदार और गीता यादव वर्तमान में बिलासपुर के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो एवं मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार इससे पहले सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल, इंटर जोन चैंपियनशिप और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में हिस्सा ले चुकी हैं। वहीं कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव भारतीय जूनियर टीम के साथ नीदरलैंड, बेल्जियम, अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के अंतरराष्ट्रीय दौरों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
दोनों खिलाड़ियों के चयन से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि एशिया कप में दोनों खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
CG VISION 24👈
रिपोर्ट :- प्रांजल सिंह


Post a Comment