बिलासपुर। (CGVISION24)
बिलासपुर प्रेस क्लब के "हमर पहुना" कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से जिले में अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ अभियान और स्मार्ट पुलिसिंग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एसएसपी का स्वागत किया।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने गंभीर अपराधों के मामलों में 22 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में सफलता हासिल की है। वहीं अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों से करीब 9.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश अपराधों की जड़ नशा है, इसलिए जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में थाना स्तर पर "हमर संगवारी" समूह बनाकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अपने पुलिस सेवा के सफर को साझा करते हुए एसएसपी ने बताया कि बचपन से ही पुलिस सेवा के प्रति उनका आकर्षण था। ग्वालियर, सिंगरौली और रायपुर में शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने लोक सेवा आयोग के माध्यम से पुलिस सेवा जॉइन की। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों सहित कई जिलों में सेवाएं देने के बाद वर्तमान में वे बिलासपुर में पदस्थ हैं। उन्होंने दुर्ग में पदस्थापना के दौरान 16 डकैती मामलों के सफल खुलासे का भी उल्लेख किया।
स्मार्ट पुलिसिंग पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत सूचना तंत्र, जनता का विश्वास और पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर सुविधाएं इसकी आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस परिवारों के लिए अस्पताल और कैंटीन जैसी सुविधाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में एसएसपी रजनेश सिंह ने युवाओं से समाज और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अपराध की सूचना देकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और इच्छाशक्ति का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में होना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने एसएसपी रजनेश सिंह को साल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरि किशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
रिपोर्ट - प्रांजल सिंह

Post a Comment