स्कूटी पर निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, 251 करोड़ के अरपा पुनरुद्धार प्रोजेक्ट को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

 बिलासपुर। (CGVISION24)

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को स्कूटी से करीब तीन घंटे तक बिलासपुर शहर का भ्रमण कर नगर निगम, स्मार्ट सिटी और लोक निर्माण विभाग के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने मंगला स्थित निर्माणाधीन एसटीपी, कोनी कन्वेंशन सेंटर, शिवघाट बैराज, अटल पथ और गौरव पथ सहित कई परियोजनाओं का जायजा लिया। एसटीपी निर्माण में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

अरुण साव ने अरपा नदी के पुनरुद्धार के लिए 250.93 करोड़ रुपये की परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी देते हुए इसे जल्द शुरू करने पर जोर दिया। परियोजना के तहत शहर के 70 नालों के दूषित पानी को सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए इंटरसेप्शन, डाइवर्जन, नए एसटीपी और सीवरेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा।

उन्होंने नगर निगम को परियोजना की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर राज्य शासन से जल्द स्वीकृति लेने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में अव्यवस्थित बिजली खंभों और ट्रांसफार्मरों को व्यवस्थित करने तथा कोनी कन्वेंशन सेंटर में पर्याप्त पार्किंग विकसित करने के भी निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और सभी विकास कार्य समय पर पूरे होने से बिलासपुर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।


रिपोर्ट - प्रांजल सिंह 

Post a Comment

Previous Post Next Post