CG VISION 24
बिलासपुर।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक कार्यालय को दिए गए ‘सेवा सदन’ नाम को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने विधायक सुशांत शुक्ला पर तंज कसते हुए कहा है कि यदि क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति ऐसी ही बनी रहती है, तो विधायक कार्यालय का नाम ‘सेवा सदन’ की जगह ‘मेवा सदन’ रख लेना चाहिए।
गौरहा का कहना है कि उनका यह तंज बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई विकास कार्यों को लेकर घोषणाएं और निरीक्षण होते हैं, लेकिन जनता को इनका वास्तविक लाभ जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए।
घोषणाओं से आगे बढ़कर काम की जरूरत
अंकित गौरहा ने कहा कि उन्होंने लगातार सेंदरी-मोपका बाईपास, राजकिशोर नगर, अशोक नगर-बिरकोना मार्ग, सड़क-नाली, जल निकासी, रेत उत्खनन, साइंस कॉलेज मैदान और रियल एस्टेट से जुड़े मामलों समेत कई मुद्दे उठाए हैं। उनका कहना है कि केवल निरीक्षण, आश्वासन और राजनीतिक बयानबाजी से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। जनता को काम की गुणवत्ता और उसका परिणाम दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के काम का आकलन बैठकों और प्रचार से नहीं, बल्कि इस बात से होना चाहिए कि आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याएं कितनी दूर हुई हैं। विकास कार्यों की स्वीकृति के साथ उनकी लागत, शुरुआत, समयसीमा और गुणवत्ता की जानकारी भी सार्वजनिक होनी चाहिए।
सोशल मीडिया को लेकर भी साधा निशाना
गौरहा ने विधायक और भाजपा संगठन की आंतरिक स्थिति को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि विधायक और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच दूरी है और विधानसभा क्षेत्र में विधायक के करीबी लोग ही गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर भी दावा किया कि भाजपा और युवा मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच उनके राजनीतिक पोस्ट को लाइक, शेयर या प्रतिक्रिया देने को लेकर समझाइश दिए जाने की चर्चा है। गौरहा ने कहा कि राजनीतिक विचारों का जवाब राजनीतिक तरीके से दिया जाना चाहिए, न कि कार्यकर्ताओं की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखकर।
‘सेवा सदन’ नाम की सार्थकता काम से तय होगी
अंकित गौरहा ने कहा कि ‘सेवा सदन’ नाम की असली परीक्षा कार्यालय के बोर्ड पर नहीं, बल्कि क्षेत्र में हुए काम से होगी। उन्होंने कहा कि जब तक विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देते और जनता को उनका सीधा लाभ नहीं मिलता, तब तक केवल कार्यालय का नाम बदलने से क्षेत्र की तस्वीर नहीं बदलेगी।
गौरहा ने तंज कसते हुए कहा कि अगर आने वाले समय में भी क्षेत्र की समस्याएं इसी तरह बनी रहीं और ‘सेवा सदन’ नाम की सार्थकता दिखाई नहीं दी, तो विधायक सुशांत शुक्ला को अपने कार्यालय का नाम ‘सेवा सदन’ से बदलकर ‘मेवा सदन’ कर लेना चाहिए।
CG VISION 24👈
रिपोर्ट :- प्रांजल सिंह


Post a Comment